रायपुर/ सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में भव्य शोभायात्रा एवं नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह गुरु नानक नाम लेवा संगत और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
नगर कीर्तन में पंज प्यारों की अगुवाई, गुरबाणी कीर्तन, धार्मिक झांकियों और गतका टीम के हैरतअंगेज करतबों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, लंगर सेवा को प्रदर्शित करती झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस झांकी में संगत को लंगर तैयार करते और पंगत में बैठकर एक साथ भोजन करते हुए दिखाया गया। इसके माध्यम से गुरु नानक देव जी के संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के साथ मानवता की निःस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया। झांकी को श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। लंगर की परंपरा उनकी इसी शिक्षा का जीवंत उदाहरण है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल भी गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरित होकर विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय है। कोरोना काल में 50 हजार से अधिक मास्क का वितरण, ऑक्सीजन सेवा, रायपुर से दुर्ग तक निःशुल्क बस सेवा, महिलाओं के लिए हुनर का लंगर और जरूरतमंदों के लिए शव वाहन सेवा जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
नगर कीर्तन के अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल के गगन सिंह हंसपाल, गुरदीप टुटेजा, रतनजीत कौर, राजविंदर, राजवीर छाबड़ा और राजू गुंबर सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में अमरजीत सिंह छाबड़ा ने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और मानवता की सेवा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।
