आरजू अंसारी
रायपुर/ उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि देश की विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भाषा, खानपान, पहनावा और रहन-सहन अलग-अलग होने के बावजूद हम सभी एक हैं। विकसित भारत के निर्माण में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वे 23 नवंबर को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के युवाओं से मुलाकात कर उन्हें संबोधित कर रहे थे।
भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से कुल 150 युवा छत्तीसगढ़ पहुंचे थे। 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय शिविर के दौरान युवाओं ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास कार्यों को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।
इस दौरान अरुण साव ने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन आत्मविश्वास, धैर्य और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस रखने वाले ही सफलता हासिल करते हैं। निराशा और मुश्किलों से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। देश के युवाओं में इतनी क्षमता और प्रतिभा है कि वे भारत को विश्व में अग्रणी बना सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सात दिनों के इस शिविर से युवा केवल अनुभव लेकर नहीं लौट रहे, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी भी साथ ले जा रहे हैं। यहां उन्होंने 200 दोस्त ही नहीं बनाए, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। यही आपसी प्रेम, भाईचारा और जुड़ाव भारत की असली ताकत है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं का सम्मान करते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषाओं, वेशभूषा और खानपान के बावजूद देशवासियों की एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका अहम होगी। इसके लिए आधुनिक शिक्षा के साथ देश की संस्कृति, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं की जानकारी भी जरूरी है।

सात दिवसीय शिविर के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन, विधानसभा और सिरपुर का भ्रमण किया। युवाओं ने इन स्थानों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत को जाना।

शिविर में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और उद्यमिता जैसे विषयों पर संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए गए। युवाओं ने रायपुर स्थित सियान गुड़ी (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) पहुंचकर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। इसके साथ ही रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खाद्य महोत्सव और जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियों के माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित रहे।

