काम दिलाने के बहाने कोरिया के युवक को पेंड्रा ले जाकर छोड़ा, 13 दिनों से लापता जगदीश का नहीं मिल रहा कोई सुराग
कोरिया/मझगवां- ग्राम पंचायत मझगवां निवासी 38 वर्षीय जगदीश 13 दिनों से लापता है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मझगवां एक युवक नें उसे काम दिलाने के बहाने पेंड्रा लेकर गया था। आरोप है कि पेंड्रा पहुंचने के बाद चारु जगदीश को वहीं छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद से जगदीश का कोई पता नहीं चल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि जगदीश की मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं है, जिसके चलते परिजनों और परिचितों की चिंता और बढ़ गई है। 13 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं जगदीश किसी परेशानी में न हो या उसके साथ कोई अनहोनी न हो जाए।
जगदीश के लापता होने से परिजन और गांव के लोग चिंतित हैं। सभी को उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पेंड्रा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। अब जरूरत है कि संबंधित पुलिस और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तलाश में तेजी लाएं।
अपील: यदि किसी भी व्यक्ति को जगदीश के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या वह पेंड्रा अथवा आसपास के क्षेत्र में दिखाई देता है, तो कृपया तत्काल उसके परिजनों को 8103392120 इस नंबर पर सूचित करें, या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। एक छोटी-सी जानकारी भी जगदीश को उसके परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।