सरगुजा सहित प्रदेश के पांचों संभागों से करीब 500 खिलाड़ी होंगे शामिल, सरगुजा के खिलाड़ियों को प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट
अंबिकापुर/रायपुर– छत्तीसगढ़ में शतरंज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्कूली विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29 नवंबर को रायपुर में जी.एच. रायसोनी मेमोरियल स्कूल स्टेट चेस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ द्वारा कल्पना प्रकाश वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस एक दिवसीय राज्य स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर से लगभग 500 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
कोरिया जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह (दद्दा) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में शतरंज खेल को बढ़ावा देना, स्कूली विद्यार्थियों में इस खेल के प्रति रुचि विकसित करना और उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
छह आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्गों में बालक एवं बालिकाओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक आयु वर्ग के लिए 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 7 हजार रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 3 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। वहीं चतुर्थ स्थान पर 2 हजार रुपये एवं मोमेंटो, पांचवें, छठवें और सातवें स्थान पर 1500 रुपये एवं मोमेंटो तथा आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को 1000 रुपये एवं मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल भी दिए जाएंगे।
संभागीय चयन के बाद भी मिलेगा प्रवेश का अवसर
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के विभिन्न संभागों में संभाग स्तरीय चयन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं। चयन प्रतियोगिताओं में स्थान नहीं बना पाने वाले खिलाड़ी भी निर्धारित नियमों के तहत डोनर एंट्री के माध्यम से प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे।
सरगुजा के खिलाड़ियों को प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत छूट
सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रवेश शुल्क में विशेष रियायत दी गई है। इसके तहत सरगुजा के खिलाड़ी मात्र 250 रुपये शुल्क देकर पंजीयन करा सकते हैं, जबकि डोनर एंट्री के माध्यम से शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए 500 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 22 नवंबर तय की गई है। इसके बाद पंजीयन कराने पर नियमानुसार विलंब शुल्क देना होगा।
सरगुजा संभाग के इच्छुक खिलाड़ी पंजीयन और अन्य जानकारी के लिए शतरंज के राष्ट्रीय निर्णायक अंजुम से मोबाइल नंबर 9131895915 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह प्रतियोगिता प्रदेश के स्कूली शतरंज खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
