28 Nov 2026, Sat

कोरिया राज्योत्सव में सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’ की सुरीली आवाज का जादू, भक्ति गीतों पर मंत्रमुग्ध हुए श्रोता

बैकुंठपुर के रामानुज मिनी स्टेडियम में दी शानदार प्रस्तुति, तालियों की गूंज से गूंज उठा पूरा परिसर

कोरिया/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर बैकुंठपुर के रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित भव्य राज्योत्सव 2026 में संगीत और सुरों की शानदार महफिल सजी। इस दौरान जिले के प्रसिद्ध गायक सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’ ने अपनी सुरीली आवाज और मधुर गायकी से ऐसा समां बांधा कि पूरा जनसमूह मंत्रमुग्ध हो गया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में सम्मानित एवं गायन के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’ ने मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने अपने मधुर स्वरों में ”मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दी” और ”मेरे कण-कण में राम” जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी गायकी ने श्रोताओं के दिलों को छू लिया और दर्शक संगीत की धुनों में खो गए।

राज्योत्सव के भव्य मंच पर सचिन की प्रस्तुति ने शाम को यादगार बना दिया। उनकी आवाज में भक्ति और संगीत का ऐसा संगम देखने को मिला कि उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित एवं पदक विजेता सचिन गुप्ता आज अपनी गायकी के दम पर कोरिया जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के बल पर वे देश-विदेश में विशिष्ट पहचान बना रहे हैं।

राज्योत्सव के मंच पर उनकी यह प्रस्तुति केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कोरिया जिले की कला, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं का गौरवपूर्ण परिचय भी रही। उनकी शानदार प्रस्तुति ने एक बार फिर साबित किया कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *