28 Nov 2026, Sat

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की संस्कृति का जलवा, लोकनृत्यों ने मोहा दर्शकों का मन

आरजू अंसारी

नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर प्रदेश की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और कला की शानदार झलक देखने को मिली। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग, कृषि, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज और स्थानीय उत्पादों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस प्रदेश और बस्तर की चर्चा पहले नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज उसकी पहचान लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं से भी हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और विकास की झलक देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत की जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य गठन के बाद पहली बार वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने मांदर, ढोल और अन्य लोक वाद्ययंत्रों की धुन पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की जनजातीय परंपराओं, लोक आस्था और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिली।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में लगाए गए छत्तीसगढ़ पवेलियन का भी भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों और हस्तशिल्प की जानकारी ली। पवेलियन में बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा का कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और वनोपज आधारित उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों को भी देखा।

पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस तकनीक के जरिए आगंतुकों को चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना पर्यटन को बढ़ावा देने का अच्छा माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *