आरजू अंसारी
रायपुर/ छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से जारी पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल पर फिलहाल विराम लग गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मुद्दों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण करने के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति इन मांगों का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान की गई कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। सरकार के इस सकारात्मक रुख और मांगों पर विचार के भरोसे के बाद पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया।
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सकारात्मक रवैये और उनकी मांगों के परीक्षण के लिए समिति गठित करने के निर्देश पर आभार व्यक्त किया। इस फैसले से प्रदेश में पटवारी कार्य व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।
