28 Nov 2026, Sat

धरसींवा को CM विष्णुदेव साय की 27.53 करोड़ की सौगात, 144 गांवों तक पहुंचेगी सेवा संवाद यात्रा

आरजू अंसारी

रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक लगाने तथा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई सेवा संवाद यात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी, ग्रामीण सड़कों का विस्तार होगा और बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ काम शुरू किया है। पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया। सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं। बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में भी अब सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

सिंचाई कार्यों पर खर्च होंगे करीब 14 करोड़

भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों में जल संसाधन विभाग के 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपए तथा जल संसाधन विभाग तिल्दा के 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपए के कार्य शामिल हैं। इस तरह सिंचाई से जुड़े कार्यों पर कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को लाभ मिलेगा।

सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास के कार्य भी शामिल

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपए तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपए के विद्युत विकास कार्य भी शामिल हैं। इन कार्यों से ग्रामीण सड़कों, बुनियादी सुविधाओं और विद्युत व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं और जरूरतें समझना जरूरी है। सेवा संवाद यात्रा इसी उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों और नई घोषणाओं से धरसींवा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *