रायपुर/ पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनके स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 23 नवंबर को पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई थी। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक दिन पहले जशपुर प्रवास के दौरान वे नंदकुमार साय के निवास के पास आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान रात में उनके घर पहुंचकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें रविवार को रायपुर आना था। ऐसे में नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था की गई है।
