28 Nov 2026, Sat

धान खरीदी पर प्रशासन की डिजिटल निगरानी, सुबह-शाम होगी समीक्षा; ऋचा शर्मा ने केंद्रों का लिया जायजा

आरजू अंसारी

रायपुर/ अपर मुख्य सचिव एवं रायपुर जिले की प्रभारी सचिव ऋचा शर्मा ने 23 नवंबर को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के साथ जिले के आरंग, जरौद और भानसोज धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से सीधे बातचीत कर टोकन, तौल और धान विक्रय की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान बेचने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और खरीदी केंद्रों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आरंग धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान ऋचा शर्मा ने किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में आने वाले किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही धान की तौल, भंडारण और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।

जरौद धान खरीदी केंद्र में उन्होंने धान की स्टैकिंग और भंडारण व्यवस्था का निरीक्षण किया। बारिश और नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए ड्रेनेज एवं डनेज की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जित धान की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा कृषक उन्नति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।

भानसोज धान खरीदी केंद्र में अपर मुख्य सचिव ने किसानों से बातचीत कर टोकन कटवाने और धान बेचने में आ रही परेशानियों के बारे में पूछा। किसानों ने बताया कि उन्हें आसानी से टोकन मिल रहे हैं और धान विक्रय में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो रही है। इस दौरान ऋचा शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों बारिश से जिन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें नियमानुसार राहत दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

इधर, रायपुर जिला प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों की निगरानी के लिए डिजिटल डैशबोर्ड की व्यवस्था शुरू की है। इसके माध्यम से जिले के सभी खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन द्वारा विशेष डिजिटल डैशबोर्ड तैयार कराया गया है। इसमें जिला एवं सेक्टर नोडल अधिकारी नियमित रूप से खरीदी केंद्रों की तस्वीरें अपलोड करते हैं। इससे धान की स्टैकिंग, भंडारण, सुरक्षा और केंद्रों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है। किसी भी केंद्र में अव्यवस्था होने पर तत्काल जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

कलेक्टर ने बताया कि प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ उपार्जित धान को सुरक्षित रखना है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा, डीसीसीबी भूपेश चंद्रवंशी, एसडीएम आरंग रवि सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *