आरजू अंसारी
कवर्धा/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मंगलवार को कबीरधाम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा पहुंचकर आयोजित सोनोग्राफी एवं नेत्र जांच शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंदों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में संचालित अटल आरोग्य लैब, पोषण पुनर्वास केंद्र और रक्तदान शिविर का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से इन केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रक्तदान शिविर में स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है।

यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का पुनीत कार्य है। रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने सभी रक्तदाताओं को इस मानवीय एवं जीवनरक्षक कार्य में सहभागी बनने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंदों तक बेहतर उपचार और सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

