आरजू अंसारी
दुर्ग/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह में क्षेत्रवासियों को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 134 करोड़ रुपये, निगम के सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रदेश के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। डबल इंजन सरकार का लक्ष्य शहरों में बेहतर आवास, स्वच्छ पेयजल, सुगम आवागमन और आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि और पीएम ई-बस सेवा जैसी योजनाओं से नगरीय विकास को नई गति मिल रही है। वहीं, राज्य सरकार की मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के माध्यम से सड़कों, पेयजल, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि शहरों में रहने वाले लोगों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के 29 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत वाले 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39 करोड़ 56 लाख रुपये के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपये के एक कार्य तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण कराया जाएगा। वहीं, डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से सड़क का विकास किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपये से ओवरहेड टैंक का निर्माण होगा। मैत्री नगर में उद्यान निर्माण, समतलीकरण और स्ट्रीट लाइट सहित अन्य कार्यों पर लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा तालपुरी, रूआबांधा, डुंडेरा पश्चिम, नेवई और सक्ती विहार रिसाली में भी विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
रिसाली के लिए की गई घोषणाओं में जल शुद्धिकरण एवं पेयजल व्यवस्था के लिए 134 करोड़ रुपये, वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख मकानों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक योजना की 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। उन्होंने धान खरीदी का जिक्र करते हुए बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश के लगभग 3100 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की जा रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय निकायों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है और नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं से अवगत कराया। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र और अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। इनमें दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

