आरजू अंसारी
रायपुर/ श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राजधानी रायपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ गुरुनानक जयंती मनाई गई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में संगत ने गुरु घर पहुंचकर मत्था टेका और प्रकाश पर्व की खुशियों में शामिल हुई। मुख्य आयोजन खालसा स्कूल में हुआ, जहां प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थों ने शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया।
प्रकाश पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग की ओर से जनहितकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की अल्पसंख्यक हितैषी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने एवं वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन एवं पंजीयन कराया।
शिविर में पात्र हितग्राहियों को तत्काल अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाकर वितरित किए गए। वहीं आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड से संबंधित प्रक्रियाएं भी पूरी कराई गईं। इस दौरान 100 से अधिक अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि 500 से अधिक लोगों ने विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन एवं पंजीयन कराया। इसके साथ ही अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों, हितों और केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तकों और साहित्य का भी वितरण किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व जैसे पावन अवसर पर जनहित से जुड़ी सेवाएं संगत और आम नागरिकों तक पहुंचाना सराहनीय पहल है। एक ही स्थान पर अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध कराने के साथ आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड से संबंधित सुविधाएं मिलने से लोगों को काफी सहूलियत हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह के जनहितकारी शिविर प्रदेश के प्रत्येक शहर में आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर के सफल आयोजन में छत्तीसगढ़ सिक्ख काउंसिल की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। आयोग और काउंसिल के सदस्यों ने शिविर में पहुंचे लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया और विभिन्न सेवाओं का लाभ दिलाने में मदद की। इस पहल से प्रकाश पर्व के अवसर पर धार्मिक आयोजन के साथ-साथ जनसेवा का संदेश भी दिया गया।
