28 Nov 2026, Sat

रायपुर में जुटे 30 राज्यों के 250 शटलर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का आगाज

आरजू अंसारी

रायपुर/राजधानी रायपुर के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में मंगलवार को 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 250 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके खेल अनुभवों पर चर्चा करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, चपलता, एकाग्रता, तेज नजर और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी बेहद जरूरी है। खिलाड़ी को पूरे अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर की प्रतिभाओं के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों के अनुभव और कौशल को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना और उन्हें देश के लिए पदक जीतने के योग्य बनाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह के साथ नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित सहित खेल अधिकारी, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *