मनेन्द्रगढ़/ मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत चैनपुर में मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली मितानिनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सभी मितानिनों को स्वेटर और श्रीफल भेंटकर उनके सेवाभाव के प्रति आभार जताया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत की सरपंच मीना कुमारी, उपसरपंच मदन सिंह मरकाम और पंच अकरम खान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मितानिनों के योगदान की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मितानिनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। वे घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ग्रामीणों और स्वास्थ्य विभाग के बीच संपर्क सूत्र के रूप में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मितानिनों के समर्पण और सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में उनका योगदान सराहनीय है। ऐसे सेवा कार्यों को सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उषा सिंह करियाम, सुखमती सिंह, सुकवरिया देवी, हिराकली, बबली, सोंकुवर, हिरौदिया, रूबी देवांगन, सुशीला चौधरी, सुकवरिया, उषा अगरिया, निरसिया, लीलावती और गीता सिंह सहित अन्य मितानिनें मौजूद रहीं। इसके अलावा सरपंच मीना कुमारी, उपसरपंच मदन सिंह मरकाम, पंच अकरम खान, राजकुमारी, रजबल सिंह, गुलाब सिंह, नरेंद्र सिंह और घूपत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में मितानिनों के निस्वार्थ योगदान को सम्मानित करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
