28 Nov 2026, Sat

गुजरात के नन्द घरों का अवलोकन करने पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, आंगनबाड़ी व्यवस्था और बच्चों के पोषण की ली जानकारी

आरजू अंसारी

रायपुर/ छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों के बेहतर विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी ली।

मंत्री राजवाड़े ने आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली को करीब से समझते हुए कहा कि हर बच्चे को बेहतर पोषण, शिक्षा और सुरक्षित बचपन का अवसर मिलना जरूरी है। नन्द घर बच्चों के शुरुआती विकास के साथ माताओं को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यहां बच्चों को मिलने वाला पोषण और सीखने का वातावरण उनके बेहतर भविष्य की नींव तैयार करता है।

गुजरात प्रवास के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गांधीनगर स्थित सचिवालय में गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात भी की। इस दौरान विभागीय योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मंत्री ने गुजरात में संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर तथा छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।

यह दौरा दोनों राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणाली और अनुभव साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाने तथा बच्चों और महिलाओं के लिए संचालित सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *