30 May 2026, Sat

Raipur: कावेरी इंडस्ट्रीज की ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक आसमान में छाया काला धुआं, इलाके में मची अफरा-तफरी

रायपुर/ राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र भनपुरी स्थित कावेरी इंडस्ट्री की ऑयल फैक्ट्री में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं का गुबार करीब 22 किलोमीटर दूर तक आसमान में नजर आया, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री परिसर से अचानक तेज धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों में आग की ऊंची-ऊंची लपटें नजर आने लगीं। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर से ब्लास्ट जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ऑयल, डामर, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिसके चलते आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास की इकाइयों के लिए भी खतरा पैदा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले फैक्ट्री को खाली कराया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित घेरा बनाकर सील किया गया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो सके। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की जाती रही।

https://www.facebook.com/share/v/17owVinXsZ

घटना के दौरान आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

https://www.instagram.com/reel/DUcy-evilLY/?igsh=bmFnb3h5Y3V5bmp1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *