13 Jun 2026, Sat

फोन पर तीन तलाक देने वाला पति नागपुर से गिरफ्तार, रायपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

आरजू अंसारी

रायपुर/ विदेश में रहकर पत्नी को फोन पर तीन तलाक देने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शाहिद रजा के रूप में हुई है, जो कुवैत में नौकरी करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे रायपुर लेकर पहुंची, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी महिला की शादी वर्ष 2008 में शाहिद रजा से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। कुछ साल पहले आरोपी रोजगार के लिए कुवैत चला गया था, जिसके बाद से पारिवारिक संबंधों में दूरी बढ़ने लगी। आरोप है कि उसने पत्नी और बच्चों की जिम्मेदारियों से भी किनारा कर लिया, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि हाल ही में कुवैत से आए फोन कॉल के दौरान आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और विवाद बढ़ने पर फोन पर ही तीन बार तलाक कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही। इसके बाद महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के भारत लौटने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उसकी मौजूदगी नागपुर में मिली, जहां रायपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने विरोध किया और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी हुई। वहीं, कार्रवाई के दौरान आरोपी की मां नाबालिग बच्ची को लेकर चली गई। पुलिस बच्ची और आरोपी की मां की तलाश में जुटी है। और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *