13 Jun 2026, Sat

कोरिया में हाथी का हमला, सड़क निर्माण में लगे 2 मजदूरों की मौत

आरजू अंसारी

कोरिया/ कोरिया जिले में हाथी के हमले से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के बैकुंठपुर पार्क परिक्षेत्र के कमर्जी इलाके की है, जहां सड़क निर्माण कार्य में लगे श्रमिक रात में विश्राम कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, देवसील गांव के पास सड़क निर्माण का काम चल रहा था। रविवार देर रात काम खत्म करने के बाद मजदूरों ने वहीं आग जलाकर खाना खाया और पास में ही आराम करने लगे। इसी दौरान अचानक एक हाथी वहां पहुंचा और श्रमिकों पर हमला कर दिया।

हमले में 22 वर्षीय गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर सिंह (35) ने सोनहत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों मृतक नगर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और मजदूरी के लिए यहां आए थे।

घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व का अमला और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है और वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *