13 Jun 2026, Sat

आइए, अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी निभाएं – भाजयुमो चलाएगा स्वच्छता अभियान

आरजू अंसारी


मनेन्द्रगढ़/ किसी भी शहर की पहचान उसकी सड़कों, भवनों या बाजारों से नहीं, बल्कि वहां रहने वाले नागरिकों की जागरूकता और स्वच्छता के प्रति उनके संस्कारों से होती है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सेवा, सुशासन, विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला एमसीबी द्वारा 14 जून 2026 को प्रातः 7 बजे मनेन्द्रगढ़ बस स्टैंड में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

यह अभियान केवल सफाई का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने नगर के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और सहभागिता का एक प्रयास है। जिस बस स्टैंड से प्रतिदिन हजारों लोग अपने सफर की शुरुआत करते हैं, उसे स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल झाड़ू लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे संस्कार, हमारी सोच और समाज के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले ले, तो हमारा नगर ही नहीं बल्कि पूरा देश स्वच्छ और विकसित भारत के सपने को साकार कर सकता है।

उन्होंने नगर के युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, माताओं-बहनों एवं सभी जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम किसी संगठन का नहीं, बल्कि पूरे नगर का अभियान है। आइए, हम सभी मिलकर अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रेरणादायी बनाने में अपना योगदान दें।

“जब नागरिक जागते हैं, तब शहर बदलते हैं; और जब शहर बदलते हैं, तब राष्ट्र आगे बढ़ता है।”

भारतीय जनता युवा मोर्चा को विश्वास है कि मनेन्द्रगढ़ के नागरिक इस जनहित अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेकर स्वच्छता के इस संकल्प को जनआंदोलन का रूप देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *