आरजू अंसारी
सूरजपुर/ सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तीवरागुड़ी सरनापारा में आज सुबह बिजली खंभे के पास दो बोरों में बंधा एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सुबह ग्रामीणों की नजर संदिग्ध हालत में पड़े बोरे पर पड़ी। आशंका होने पर जब पास जाकर देखा गया तो बोरे के भीतर शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी तत्काल गांव के पूर्व सरपंच और रामानुजनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ भी की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफ एस एल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। और टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और मामले का खुलासा किया जा सके।
