13 Jun 2026, Sat

नौकरी के झांसे में मानव तस्करी का भंडाफोड़, अंबिकापुर में 16 युवतियां समेत 20 लोग रेस्क्यू

आरजू अंसारी

अंबिकापुर/ सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में मानव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर की गई कार्रवाई के दौरान झारखंड से आई एक बस से 16 युवतियों सहित कुल 20 लोगों को रेस्क्यू किया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी युवतियों और अन्य लोगों को बेहतर नौकरी और अधिक वेतन का लालच देकर कर्नाटक ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही जिला बाल संरक्षण इकाई और सामाजिक संगठन एमएसवीपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त कार्रवाई की और संदिग्ध मानव तस्करी की इस कोशिश को विफल कर दिया।

रेस्क्यू किए गए सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग की जा रही है। अधिकारियों द्वारा उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इस तस्करी में शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस मानव तस्करी गिरोह के सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस गंभीर अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *