मनेंद्रगढ़/ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) के जिला अध्यक्ष के प्रवास के दौरान केल्हारी और कुंवारपुर मंडलों में संगठनात्मक बैठक एवं डिजिटल लर्निंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं से संगठन द्वारा संचालित डिजिटल लर्निंग अभियान को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में भाजपा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भाजपा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
