16 Jul 2026, Thu

रायपुर चिंतन शिविर के दूसरे दिन योग से हुई शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्री राजेश अग्रवाल हुए शामिल

रायपुर, 5 जुलाई/ राजधानी रायपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत रविवार को योग एवं ध्यान सत्र से हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद के सदस्यों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक कार्य संस्कृति का संदेश दिया।

योग सत्र में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने का भी प्रभावी साधन है।

मंत्री अग्रवाल ने बताया कि योग सत्र का उद्देश्य शासन-प्रशासन से जुड़े जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है, ताकि वे अधिक ऊर्जा, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के साथ प्रदेश के विकास कार्यों को गति दे सकें।

चिंतन शिविर के दौरान सुशासन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, धार्मिक स्थलों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों और मंत्रियों ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी प्रतिभागियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मन ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि चिंतन शिविर शासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *