रायपुर/ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी साहित्यकार, समाजसेवी एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक संवर्त कुमार ‘रूप’ ने मुख्यमंत्री आवास, देहरादून में शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहर, प्रशासनिक व्यवस्था तथा छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के बीच आपसी सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनका बचपन मध्यप्रांत में बीता है और वहीं उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी हुई। इसी कारण उनका छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से व्यक्तिगत जुड़ाव हमेशा बना रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक संवाद को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ में छत्तीसगढ़ की जनता सहित संवर्त कुमार ‘रूप’ को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने संवर्त कुमार ‘रूप’ को उत्तराखंड की पहाड़ी किसान महिलाओं द्वारा निर्मित “हाउस ऑफ हिमालय” के उत्पाद तथा हिमालयी शॉल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि संवर्त कुमार ‘रूप’ साहित्य, सामाजिक सेवा एवं जनहित के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे जनहित संघ अंतर्गत पंडो विकास समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष तथा ‘सम्यक क्रांति’ सूरजपुर संस्करण के संपादक के रूप में भी कार्यरत हैं।
