16 Jul 2026, Thu

शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव, विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन का मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिया गुरु मंत्र

अंबिकापुर/सरगुजा– पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराकर ही प्रदेश के भविष्य को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के आत्मनिर्भर और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माता बनेंगे।

मंत्री राजेश अग्रवाल शुक्रवार को सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेण्ड्राकला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मंत्री ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और अध्ययन सामग्री का वितरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रही है। स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि प्रदेश का हर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

लखनपुर के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव के दौरान मंत्री ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री प्रदान की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इसके बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेण्ड्राकला में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण जैसी योजनाएं बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं को आगे बढ़कर अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी मंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी हैं। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

मंत्री राजेश अग्राल ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर विद्यार्थी जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं और प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *