16 Jul 2026, Thu

विश्व जनसंख्या दिवस पर सरगुजा में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ, मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिखाई जागरूकता रथ को हरी झंडी

अंबिकापुर/ विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सरगुजा जिले में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा छोटे परिवार के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करेगा।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ परिवार ही समृद्ध समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परिवार की आर्थिक उन्नति से जुड़ा व्यापक सामाजिक अभियान है। उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन अपनाने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि 11 से 18 जुलाई तक जिलेभर में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य संस्थानों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान, परामर्श शिविर और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक दंपत्तियों को परिवार नियोजन संबंधी निःशुल्क परामर्श, कॉपर-टी, गर्भनिरोधक गोलियां, कंडोम सहित अन्य साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से सास-बहू सम्मेलन आयोजित कर मातृ स्वास्थ्य, पोषण और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को, डॉ. ओ.पी. प्रसाद, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *