आरजू अंसारी
रायपुर/गरियाबंद– छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत उत्खनन का मामला पकड़ा गया, जिसमें तीन चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन को जप्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय खनि उड़नदस्ता एवं जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने 08 जून 2026 को जिला गरियाबंद के तहसील राजिम अंतर्गत ग्राम कुरुसकेरा स्थित पैरी नदी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि वहां गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन मशीनों के माध्यम से नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था।
जांच के दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनों को मौके पर ही जप्त कर सील कर दिया गया। साथ ही खदान संचालक और मशीन मालिकों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अवैध रेत परिवहन में शामिल एक हाईवा वाहन को भी जप्त कर राजिम थाना में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
इस कार्रवाई में केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम के साथ जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम द्वारा पूरे क्षेत्र में विस्तृत जांच की गई और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कहा है कि राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के वैध उपयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

खनिज साधन विभाग के अधिकारियों ने भी बताया कि प्रदेश में अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए सतत निगरानी की जा रही है। विभागीय उड़नदस्ता और निरीक्षण दलों को नियमित रूप से जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खनिज संपदा का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

इस कार्रवाई को अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में ऐसे मामलों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
