आरजू अंसारी
कोरिया/ जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 66,200 रुपये का चोरी गया सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ निवासी उमाशंकर साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 जून 2026 को वह मेहमानी में मनेन्द्रगढ़ गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी अकेली थी। शाम करीब 7 बजे वह घर में ताला लगाकर कुछ समय के लिए पड़ोस में गई थी। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा हुआ मिला तथा पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नगदी गायब थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी विनोद पासवान के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर रामगढ़ निवासी राकेश कुमार गुप्ता (28 वर्ष) एवं एक अपचारी बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर एक जोड़ी सोने की बाली, तीन नग सोने के मंगलसूत्र, एक चांदी की कमरधनी, एक रेडमी कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 3 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत 66,200 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद पासवान, उपनिरीक्षक राजाराम राठिया, उपनिरीक्षक नीलमणि कुजूर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धलेन्द्र प्रसाद भारती सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
