14 Oct 2026, Wed

बलरामपुर में अब तक की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ का गांजा जब्त, ओडिशा से यूपी जा रही खेप के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

आरजू अंसारी

बलरामपुर/ छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की मात्रा लगभग 1941.110 किलोग्राम बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर से एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर आज तड़के करीब 3 बजे संदिग्ध ट्रक (आरजे 14 जीयू 9078) को रोककर जांच की।

जांच के दौरान ट्रक में बोरियों में भरा हुआ लगभग 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में बताई, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान साइबर सेल की टीम भी मौजूद रही। प्रारंभिक जांच में इसे जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *