आरजू अंसारी
सूरजपुर/ जिले में करोड़ों रुपये की चिटफंड ठगी के मामले में पुलिस ने पीएसीएल कंपनी के दो और डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को जिला जेल कवर्धा से प्रोडक्शन वारंट के आधार पर सूरजपुर लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें मामले में विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर निवेशकों को रकम दोगुनी करने का लालच दिया था। इस प्रलोभन में फंसाकर सूरजपुर जिले के लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराए गए, लेकिन मैच्योरिटी अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं की गई। इससे बड़ी संख्या में लोग ठगी का शिकार हुए।
एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ दर्ज लंबित मामलों में कार्रवाई तेज की गई है। जांच के दौरान पता चला कि पीएसीएल कंपनी के डायरेक्टर गुरजंट सिंह गिल उर्फ गुरजन सिंह और गुरूनाम सिंह जिला जेल कवर्धा में बंद हैं। इसके बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को सूरजपुर थाना लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कंपनी के अन्य डायरेक्टरों के साथ मिलकर निवेशकों से धन जुटाने और उन्हें अधिक लाभ का झांसा देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही कंपनी के छह अन्य डायरेक्टरों-निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह, सुखदेव सिंह, जोगेंद्र टाइगर, गुरमीत सिंह और सुब्रत भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर चुकी है। दो और गिरफ्तारियों के बाद अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच जारी रखते हुए निवेशकों की राशि और अन्य संबंधित पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
