आरजू अंसारी
मनेंद्रगढ़/मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले सहित पूरे कोयलांचल क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हफीज मेमन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18258) का विस्तार रायपुर तक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में यह ट्रेन रात में चिरमिरी से रवाना होकर सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच बिलासपुर पहुंच जाती है। ऐसे में ट्रेन के रैक का उपयोग करते हुए बिना अतिरिक्त संसाधनों के इसे रायपुर तक बढ़ाया जा सकता है। इससे रेल संचालन पर अतिरिक्त दबाव भी नहीं पड़ेगा।
हफीज मेमन ने बताया कि चिरमिरी, मनेंद्रगढ़ और आसपास का कोयलांचल क्षेत्र महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र है, जहां के व्यापारियों को अक्सर राजधानी रायपुर जाना पड़ता है। वहीं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और कोचिंग के लिए रायपुर में अध्ययन कर रहे हैं। सीधी ट्रेन सुविधा मिलने से उनका आवागमन आसान हो जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण गंभीर मरीजों को रायपुर स्थित एम्स और अन्य बड़े अस्पतालों में इलाज के लिए जाना पड़ता है। सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में यात्रियों को बिलासपुर में उतरकर दूसरी ट्रेन या बस का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है।

युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने रेल मंत्री से जनहित, छात्रहित और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस को रायपुर तक विस्तारित करने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय क्षेत्रवासियों की इस मांग पर सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लेगा।
