रायपुर / रायपुर में पंडवानी की महान गायिका स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के लिए सांगीतिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय तीजन बाई को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके कला जगत में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया।
इस अवसर पर संस्कृति मंत्री ने पंडवानी के क्षेत्र में तीजन बाई के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने तीजन बाई के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि तीजन बाई की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उनके पैतृक गांव गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी कला और विरासत से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि तीजन बाई द्वारा उपयोग किया गया ऐतिहासिक तंबूरा अब रायपुर स्थित घासीदास संग्रहालय में संरक्षित और प्रदर्शित किया जाएगा। संस्कृति विभाग उनकी स्मृतियों, कला और योगदान को सहेजने तथा भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय लोककला और पंडवानी परंपरा में उनके अमूल्य योगदान को याद किया।
