मनेंद्रगढ़/कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इस ट्रेन का संचालन मनेंद्रगढ़ तक किया जाता है तो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबे समय से चली आ रही क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांग पूरी होगी।
सांसद ज्योत्सना महंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस शहडोल रेलवे स्टेशन पर लगभग सात घंटे तक खड़ी रहती है। इस खाली समय का बेहतर उपयोग करते हुए ट्रेन का परिचालन मनेंद्रगढ़ तक बढ़ाया जा सकता है। इससे रेलवे के उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग होगा और यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़, एमसीबी जिले तथा आसपास के क्षेत्रों के नागरिक लंबे समय से इस ट्रेन के विस्तार की मांग कर रहे हैं। ट्रेन के मनेंद्रगढ़ तक आने से यात्रियों को नागपुर सहित मध्यप्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में यात्रियों को दूसरे स्टेशनों तक जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती है।
सांसद ने कहा कि ट्रेन के विस्तार से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आने-जाने में सुविधा होगी, वहीं मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं वाले शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके अलावा रोजगार, पर्यटन और अन्य आवश्यक आवागमन भी सुगम होगा।

ज्योत्सना महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री से जनहित को प्राथमिकता देते हुए शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक करने की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह निर्णय एमसीबी जिले सहित पूरे क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
