16 Jul 2026, Thu

16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा, रायपुर में जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजेगी राजधानी

आरजू अंसारी

रायपुर/ राजधानी रायपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर, गायत्री नगर में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक परंपराओं और वैदिक विधि-विधान के साथ आगामी 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की दिव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। वहीं इससे पहले 14 जुलाई को शाम 6 बजे नेत्रोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा के बाद 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा संपन्न होगी।

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति, गायत्री नगर की ओर से बताया गया कि रथयात्रा को लेकर मंदिर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के तीनों दिव्य रथ आकर्षक श्रृंगार के साथ तैयार हैं और भक्तों को दर्शन देने के लिए सजाए गए हैं।

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष एवं विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा भक्तों और भगवान के प्रत्यक्ष मिलन का महापर्व है। वर्ष में एक बार इसी अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मंदिर से बाहर निकलकर भक्तों को दर्शन देते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सांस्कृतिक एकता, परंपरा और भाईचारे का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दिन सुबह 11 वैदिक पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन किया जाएगा। भगवान का चंदन, केसर, कस्तूरी, कपूर सहित अन्य सुगंधित द्रव्यों से दिव्य स्नान कराया जाएगा। इसके बाद भगवान को पारंपरिक गजामूंग महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मंगल वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच भगवान अपने रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे।

परंपरा के अनुसार रथयात्रा के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भगवान के रथ के समक्ष सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की परंपरा निभाएंगे। यह परंपरा सेवा, समर्पण और विनम्रता का संदेश देती है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक झांकियां और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। पूरे शहर में ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के साथ भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा।

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें और सनातन संस्कृति की इस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *