मनेन्द्रगढ़/ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) एमसीबी जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा ने नक्सली कमांडर हिड़मा को लेकर कांग्रेस के एक विधायक द्वारा दिए गए कथित बयान की निंदा करते हुए कहा कि नक्सलवाद का किसी भी रूप में समर्थन या महिमामंडन राष्ट्रहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद ने वर्षों तक छत्तीसगढ़ के विकास को प्रभावित किया है और बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिकों तथा सुरक्षाबलों के जवानों को नुकसान पहुंचाया है।
अंकित शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्रभावी रणनीति तथा सुरक्षा बलों के साहस के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति का वातावरण बन रहा है और विकास कार्यों को गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, जिससे आम लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने वीर जवानों के बलिदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का दायित्व बताया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और हिंसक विचारधारा के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी नक्सली नेता या विचारधारा का समर्थन स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस से इस मामले में अपना स्पष्ट रुख सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि यदि संबंधित विधायक की टिप्पणी व्यक्तिगत राय है तो पार्टी नेतृत्व को इस पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
अंकित शर्मा ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होकर शांति, सुरक्षा और विकास के नए दौर में आगे बढ़ेगा।
