बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ में पनिका-पनका समाज को अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग में पुनः बहाल करने की मांग को लेकर समाज ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में कबीर गुरुद्वारा, कीर्तिनगर झोपड़पारा बिलासपुर में आयोजित महाबैठक में 8 दिसंबर को अंबिकापुर में प्रदेश स्तरीय मौन शालीनता महारैली निकालने का निर्णय लिया गया। रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
महाबैठक में बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों के पनिका-पनका समाज के समाज प्रमुख शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता समाज के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. देवधर महंत ने की। उन्होंने अपने संबोधन में महारैली के आयोजन के लिए अंबिकापुर का नाम प्रस्तावित किया, जिस पर उपस्थित समाज प्रमुखों ने विस्तार से चर्चा और मंथन किया।
इसके बाद पनिका समाज महासमिति नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. फूलदास महंत ने बस्तर, जगदलपुर, सरगुजा और बिलासपुर क्षेत्र के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए आयोजन समिति की घोषणा की। बैठक में तय किया गया कि समाज की मांग को लेकर ‘तख्ता बोलेगा’ मौन शालीनता महारैली अंबिकापुर से निकाली जाएगी। इसके माध्यम से शासन तक समाज की मांग पहुंचाई जाएगी और जनजाति वर्ग में पुनः बहाली की मांग को लेकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आयोजन समिति में डॉ. देवधर महंत को संरक्षक तथा डॉ. फूलदास महंत को दिशा-निर्देशक बनाया गया है। बिहारी लाल कुलदीप (सूरजपुर) को आयोजन समिति का अध्यक्ष, राजाराम जाता (कोरिया) को उपाध्यक्ष और शोभित दास (प्रतापपुर) को कार्यक्रम संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। सुंदर लाल राही कार्यक्रम व्यवस्थापक, अंजोर दास रैली संयोजक, प्रेमसागर बस्तर दिशा-निर्देशक तथा गोलू (महेश) जगदलपुर को रैली प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा धरमू कश्यप जगदलपुर, भरत मानिकपुरी, घनश्याम दास महंत (कोरबा), मनी लाल (कोरिया), रामदास (बस्तर), उत्तम दास मानिकपुरी (बिलासपुर), उमेश कुमार (कोरिया), उमाशंकर सोनवानी (सोनहत), शंकर दास महंत और निर्मल दास मानिकपुरी (बिलासपुर) को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में वंशधारी सवरा, रामधन देवांगन, रविदास सुधीर, सत्यनारायण गोयन, थानुराम बघेल, दिलीप चंद, बाबूलाल, किरण दशरथ पाली, दीपक पोंडी, मयादास और हरिश्चंद्र सहित समाज के अनेक प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अंत में गुरुद्वारा समिति कीर्तिनगर झोपड़पारा बिलासपुर के अध्यक्ष उत्तम दास मानिकपुरी ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
