28 Nov 2026, Sat

जशपुर को पीएम जनमन योजना की बड़ी सौगात, 16.03 करोड़ रुपये से बनेंगे पांच वृहद पुल

आरजू अंसारी

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के जनजातीय बहुल और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने की दिशा में जशपुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना के तहत जिले के बगीचा विकासखंड में पांच वृहद पुलों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी स्वीकृति पत्र के अनुसार, पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में छत्तीसगढ़ के लिए कुल 167 पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच पुल भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

स्वीकृत कार्यों के तहत डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

इसी तरह बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन पांचों पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी।

पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान नालों में पानी बढ़ने के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने, मरीजों को अस्पताल तक ले जाने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इसके अलावा स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बेहतर सड़क संपर्क से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं की पहुंच आसान होगी। शासन के अनुसार, तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *