16 Jul 2026, Thu

मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज की मंजूरी पर गुलाब कमरों ने जताई खुशी, कहा- एमसीबी के विकास का नया अध्याय

एमसीबी /मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। मनेंद्रगढ़ में स्थापित हो रहे नए शासकीय मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) द्वारा कॉलेज के लिए लेटर ऑफ परमिशन (LOP) जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां 50 एमबीबीएस सीटों पर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश शुरू हो सकेगा।

इस मंजूरी के साथ ही मनेंद्रगढ़ सहित पूरे एमसीबी जिले में खुशी का माहौल है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसे जिले के शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने मेडिकल कॉलेज को मिली इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे एमसीबी जिले के लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रयासों एवं तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में मिली थी। अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से 50 एमबीबीएस सीटों की मंजूरी मिलने के बाद यह सपना साकार होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले के युवाओं को मेडिकल शिक्षा के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे भविष्य में जिले और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं भी और अधिक सुदृढ़ होंगी।

गुलाब कमरों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री तथा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत के प्रति इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से मनेंद्रगढ़ और पूरा एमसीबी जिला शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *