30 Aug 2026, Sun

बैकुंठपुर नवोदय विद्यालय से गूंजा देशभक्ति का संदेश, ‘हर घर तिरंगा’ को लेकर निकली भव्य रैली

बैकुंठपुर/ पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा में 14 अगस्त को देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।

रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुई। एनसीसी कैडेट्स ने रैली की अगुवाई की। हाथों में तिरंगा लेकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’, ‘भारत माता की जय’ और ‘हर घर तिरंगा’ जैसे देशभक्ति नारों के साथ क्षेत्र के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया।

रैली अमापारा और आसपास के क्षेत्र से होकर गुजरी। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। ग्रामीणों ने भी विद्यालय की इस पहल का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सीएल कच्छवाहा, एनसीसी अधिकारी उमेश चन्द्र, शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। जागरूकता रैली वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *