आरजू अंसारी
रायपुर/ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जगदलपुर की टीम ने स्टेट GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने ई-वे बिल से जुड़े मामले में एक कारोबारी का वाहन छोड़ने और प्रकरण में राहत देने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। इस मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले इमरान मेमन को भी ACB ने कार्रवाई के दायरे में लिया है।
ACB से मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि स्टेट GST विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने ई-वे बिल से संबंधित मामले में उनका वाहन रोक दिया था। वाहन रिलीज कराने और प्रकरण में राहत दिलाने के बदले उनसे डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय इसकी सूचना ACB को दी।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने रिश्वत मांगने से जुड़े तथ्यों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर 21 नवंबर 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। निर्धारित कार्रवाई के दौरान टीम ने अंचला गिरी को उनके निवास पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। ACB के मुताबिक, रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन के जरिए अधिकारी तक पहुंचाई गई थी।
मामले में इमरान मेमन (30 वर्ष), पिता इदरीश मेमन, निवासी संजयनगर कांकेर की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने रिश्वत की रकम अधिकारी तक पहुंचाने में मध्यस्थता की थी। कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी भी शुरू कर दी है। टीम घर में मौजूद दस्तावेजों, संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
ACB के अनुसार, अंचला गिरी और इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के पहलू पर भी जांच जारी है। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
