30 May 2026, Sat

NH-30 पर मौत का तांडव: धमतरी में खड़े ट्रक से टकराई कार, 4 कोबरा बटालियन जवानों की दर्दनाक मौत

धमतरी/ छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी के पास तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि कार में कोबरा बटालियन के जवान सवार थे। हादसा सुबह के समय हुआ, जिससे आसपास के लोग तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर कार की स्थिति बेहद भयावह थी। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल जवान को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे में मुकेश कुमार (हेड कांस्टेबल), उमेंद्र सिंह (सब-इंस्पेक्टर), राजकुमार गौड़ (कांस्टेबल) और सिविलियन ड्राइवर हीरालाल नागर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कोबरा बटालियन के जवान अभिमान राय घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और खड़े ट्रक से सीधी टक्कर हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *