आरजू अंसारी
रायपुर/ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने मंगलवार को शास्त्री चौक स्थित आयोग कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता बताते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. ममता साहू ने आयोग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और सभी से समर्पण, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने आयोग कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
अपने संबोधन में डॉ. साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने, उनकी शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निराकरण तथा उनके सम्मान एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में आयोग सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, नगर निगम रायपुर के पार्षद महेश ध्रुव, दुर्गेश राव, श्रीमती रजनी शेंगडे, जितेन्द्र साहू, कृष्णा साहू, श्रीमती सीमा डहरिया, गीतेश साहू सहित आयोग के सचिव, सहायक संचालक, लेखाधिकारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
