आरजू अंसारी
रायपुर/ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित नवीन छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान लोगों में अपनी मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने वाला प्रेरणादायी अभियान है।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है और प्रदेश को हराभरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नवा रायपुर को ‘पीपल फॉर पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से एक लाख पीपल के पौधे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता बढ़ाने, स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने और जलवायु संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राजेश अग्राग्र ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। वे हमें शुद्ध वायु, छाया, वर्षा, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले। यही प्रकृति, मातृभूमि और आने वाली पीढ़ियों के प्रति सच्ची सेवा होगी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सभी नागरिक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।
