28 Nov 2026, Sat

भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, जनजातीय गौरव दिवस पर अजजा मोर्चा ने गिनाईं उपलब्धियां

आरजू अंसारी

जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा अजजा मोर्चा ने की प्रेसवार्ता, जनजातीय नायकों के योगदान और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

बैकुंठपुर/ जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति (अजजा) मोर्चा जिला कोरिया द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर जनजातीय नायकों के योगदान, भाजपा की संगठनात्मक कार्ययोजनाओं और केंद्र एवं छत्तीसगढ़ सरकार की जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा ने कहा कि 15 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई जाएगी। इस दिन को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा द्वारा 11 से 18 नवंबर तक देश के जनजातीय बहुल जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह ने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समाज के विकास और सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया। वर्ष 2000 में झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों का गठन हुआ तथा 2003 में संथाली और बोडो भाषाओं को आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में द्रौपदी मुर्मू देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं। आज छत्तीसगढ़, ओडिशा और अरुणाचल प्रदेश में भी भाजपा के जनजातीय नेतृत्व को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं।

अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष विमलचंद चेरवा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। अंग्रेजी शासन के दौरान जब जनजातीय समाज की जमीन, जंगल और अधिकारों पर कब्जा किया जा रहा था, तब बिरसा मुंडा ने समाज को जागरूक किया। उन्होंने लोगों को नशे और कुरीतियों से दूर रहने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने तथा अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने का संदेश दिया। उन्होंने उलगुलान यानी महाक्रांति का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा देकर जनजातीय स्वाभिमान की अलख जगाई।

जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला मंत्री शिवकुमारी सोनपाकर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनका संघर्ष, बलिदान और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजागरण का इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। भारतीय जनता पार्टी जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देश के वीर जनजातीय नायकों को सम्मान देने का कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष विमलचंद चेरवा, जिला पंचायत सदस्य शिवकुमारी सोनपाकर, जिला मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े, जिला सह मीडिया प्रभारी वर्षा साहू, जिला महामंत्री कमलेश एक्का, उपाध्यक्ष जगदीश सिंह, मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिरदार एवं संतोष सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *