आरजू अंसारी
रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के विकास में उसकी भागीदारी की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का रिश्ता केवल सांस्कृतिक नहीं, बल्कि आत्मीयता और विश्वास का भी है। तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में समाज की सक्रिय भागीदारी विविधता में एकता की भावना को मजबूत करती है। भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी सांस्कृतिक विविधता है और विभिन्न भाषाओं एवं परंपराओं का संगम ही राष्ट्रीय एकता की शक्ति है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि यह सफर सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का उदाहरण है। एसोसिएशन ने समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति है। भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी तेलुगु समाज के इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती मिली है।

रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित किए जा रहे सड़क मार्ग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत बन रहा यह मार्ग छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ यात्रा के समय और दूरी में कमी आएगी। साथ ही माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा दोनों राज्यों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण प्रत्येक समाज की जिम्मेदारी है। इस तरह के राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले समाज के लोगों को आपस में जुड़ने, अनुभव साझा करने और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर देते हैं। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों को बधाई दी।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला एवं गौरवशाली परंपराओं की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव, श्रीनिवास पटनायक सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
