आरजू अंसारी
कांकेर/ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय कांकेर में शनिवार को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आदिवासी समाज के आंगादेव की परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, त्याग और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर जनजातीय समाज को एकजुट किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा आदिवासी समाज के हितों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गैंदसिंह के योगदान का भी उल्लेख किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि देश के जनजातीय नायकों के योगदान और उनकी संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिल सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पीएम जनमन योजना और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से भी जनजातीय समुदायों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहन मिल रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उदय नगर स्थित बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपए और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही जिले की प्रमुख विभूतियों और प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज में शिक्षा के प्रसार और नशामुक्ति की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि हमारी पहचान संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक विरासत से है। इसे अपनाने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। वहीं विधायक विक्रम देव उसेंडी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करते हुए जनजातीय समाज से शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग और महेश जैन ने भी अपने विचार रखे तथा समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम, विधायक विक्रम देव उसेंडी, बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग, कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।
